यमुनानगर। वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे प्राथमिक शिक्षकों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा की बाध्यता लागू करने के विरोध में शिक्षक दिवस पर काली पट्टी बांधकर काम करेंगे। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर पांच सितंबर को देशभर में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला प्रधान सुरेंद्र कांबोज का कहना है कि शिक्षकों को सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से निर्धारित सभी योग्यताएं पूरी करने के बाद ही नियुक्त किया गया था। वर्षों तक सेवा देने के बाद नई योग्यता की बाध्यता लागू करना हित में न्यायसंगत नहीं है। इसके विरोध में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ और राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरियाणा की ओर से एक सितंबर 2025 से लगातार संघर्ष किया जा रहा है।
जिला महासचिव रामस्वरूप ने बताया कि संसद के मानसून सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी समेत 50 से अधिक लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की समस्या से अवगत करवाया गया है। कई सांसदों ने इस मांग को संसद में उठाया। संवाद