जगाधरी। शिक्षकोें व स्कूल की समस्याओं को लेकर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी पिरथी सैनी से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सरस्वतीनगर प्रधान अश्विनी कुमार ने किया। इस दौरान संघ की ओर से बीईओ को ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान करने की मांग की गई।
खंड प्रधान अश्वनी व वरिष्ठ उप प्रधान कर्मजीत कौर ने बताया कि खंड से निदेशालय स्तर तक अध्यापकों व स्कूल संबंधित मांगे लंबित हैं। अध्यापकों की एलटीसी न मिलाना, सूचना के बाद भी ड्यूल डेस्क की व्यवस्था न होना, एमडीएम के लिए समय पर अनाज न मिलना, बच्चों के आईडी कार्ड न बनना, एमडीएम वर्कर्स का समय पर वेतन न देना इत्यादि शामिल हैं। प्रधान अश्विनी ने कहा कि शिक्षकों बहुत से पद खाली हैं। जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ऐसे में गैर शैक्षणिक कार्य व असमय लगाई जा रही ट्रेनिंग से स्थिति ज्यादा खराब हो रही है। अध्यापक संघ मांग करता है कि बच्चों को दी जाने वाली ढांचागत सुविधाएं पूरी की जाएं। अध्यापकों की ट्रेनिंग सत्र आरंभ में लगाई जाए। उन्होंने अध्यापकों की मांगें जल्द पूरी करने की गुहार लगाई। इस दौरान बीईओ पिरथी सैनी ने उनका ज्ञापन निदेशालय पहुंचाने का आश्वासन दिया।