संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। शहर के मुकंदलाल नेशनल कॉलेज में सोमवार को हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हिंदी विभाग की ओर से भाषण और कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता में तानिया प्रथम, पायल द्वितीय और लता तृतीय रहीं। कविता पाठ में तानिया प्रथम, श्रेया द्वितीय और सलोनी तृतीय रहीं। वंदना और तान्या को सांत्वना पुरस्कार मिला।
मुख्य अतिथि कॉलेज की प्राचार्या डॉ. माला शर्मा ने कहा कि हिंदी दिवस का सभी के लिए विशेष महत्व है। उन्होंने कविता के माध्यम से हिंदी के महान कवियों और उनकी रचनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से उनके साहित्य में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. नवीन भारद्वाज ने कहा कि आज भी हिंदी को पूर्ण रूप से अपनाया नहीं जा सका है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 343 से 351 तक हिंदी को राजभाषा के रूप में स्थान दिया गया है।
हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. बंटी कुमार ने कहा कि हिंदी भावनाओं को सहजता से व्यक्त करने वाली भाषा है और देश को एकता के सूत्र में बांधती है। प्रतियोगिताओं के निर्णायक प्रो. नवीन भारद्वाज और प्रो. जयचंद रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. रिचा सिकरी, डॉ. रजनी, प्रो. चेतना सिंह और प्रो. शिवम सैनी इत्यादि मौजूद रहे।