संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। छठ पर्व पर अपनों के साथ खुशियां मनाने के लिए घर पहुंचने की चाह में प्रवासी श्रमिक जान जोखिम में डालकर सफर करने के लिए मजबूर हैं। मजबूरन लोग खिड़कियों से ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।
हालात ऐसे हैं कि शयनयान और वातानुकूलित डिब्बों में आरक्षित सीट वाले यात्रियों तक को चढ़ने के लिए जगह नहीं मिल रही। भीड़ के कारण रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों को भी ट्रेनों के दरवाजे खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बुधवार को भी स्टेशन पर यही स्थिति बनी रही। उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वी भारत के अन्य राज्यों में जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही यात्री चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की करने लगते हैं। कई डिब्बों के दरवाजे अंदर से बंद होने और भीतर यात्रियों की खचाखच भीड़ होने के कारण बाहर खड़े लोग ट्रेन में प्रवेश नहीं कर पाते। ट्रेनों का ठहराव महज दो मिनट होने के कारण यात्रियों को चढ़ने का मौका भी नहीं मिल पाता।
कई यात्री दो-दो दिन से स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें घर जाने के लिए ट्रेन में जगह नहीं मिल रही। मंगलवार रात को भी स्टेशन पर ऐसे ही हालात बने रहे। हालांकि रेलवे की ओर से इस रूट पर इस बार 12 से ज्यादा ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन भीड़ नियंत्रित नहीं हो पा रही है। आरपीएफ कंपनी कंमाडर मोहित त्यागी ने बताया कि ट्रेनों के दरवाजे खुलवाकर यात्रियों को चढ़ाया जा रहा है। आरपीएफ इसके लिए पूरी तरह सतर्क है।
सीट आरक्षित होने के बावजूद छूट गया सामान
यात्री महेश ने बताया कि उसने हावड़ा मेल के शयनयान डिब्बे में सीट आरक्षित करवाई थी। इसके बावजूद भारी भीड़ के बीच वह किसी तरह ट्रेन में चढ़ पाया, लेकिन उसका सामान यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पर ही छूट गया। इसके बाद उसे सहारनपुर से वापस आकर सामान लेना पड़ा। सामान लेने के बाद दूसरी ट्रेन पकड़ने के लिए उसे करीब 15 घंटे इंतजार करना पड़ा। बुधवार तड़के उसने किसी तरह दूसरी ट्रेन पकड़ी।
ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते यात्री। संवाद