कस्बा बिलासपुर व 125 गांवों को सेवाएं देना वाला डाक घर में कंप्यूटर सिस्टम अपग्रेड होने की वजह से लेन देन की प्रक्रिया पूरी तरह बंद है। डाक घर में फिक्सड डिपाजिट, एसबीआरडी, टर्म डिपाजिट व एमसी सहित अन्य योजनाओं के खाते पूरी तरह से बंद पड़े हैं। जिसके कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग की ओर से डाक घर को आन लाइन किया जा रहा है, आगामी आदेश तक लेन देन बंद रहेगा का नोटिस लगा कर अपना पल्ला झाड़ लिया है। लेकिन नोटिस में यह भी नही लिखा गया कब तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जिसके कारण उपभोक्ताओं को बार बार डाक घर के चक्कर भी काटने पड़ रहे हैं।
कई दिनों से डाक घर में कंप्यूटर से केवल रजिस्ट्री, पार्सल, स्पीड पोस्ट और पीएलआई कार्य किए जा रहे हैं। मगर डाकघर में सभी तरह का लेन देन व अन्य योजनाओं के खाते पूरी तरह से बंद हैं। उपभोक्ताओं को डाक घर में पैसे जमा करवाने, निकलवाने व अन्य कार्य के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने इस बारे में जब डाक घर के पोस्ट मास्टर से बात करनी चाही तो वहां से भी कोई संतुष्ट जवाब भी नही मिला।
उपभोक्ता सुरेंद्र सिंह, अशोक कुमार व संजीव कुमार ने बताया कि डाक घर में उनकी एफडी है, जिसकी समय सीमा पूरी हो गई। वे एफडी के पैसे लेने गए थे लेकिन वहां लेन-देन का काम पूरी तरह से बंद है। उन्हें पैसे की जरूरत थी, मगर पैसे नहीं मिले। ऐसे में उन्हें अब परेशानी उठानी पड़ रही है। घाड क्षेत्र के इरफान व दलीप कुमार का कहना है कि वह बिलासपुर डाकघर में पैसे निकलवाने के लिए आए थे। लेकिन यहां कार्य पूरी तरह बंद है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर डाक घर को आन लाइन करना ही है तो इसके लिए विभाग को अन्य कोई अस्थाई प्रबंध भी करने चाहिए थे। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी न उठानी पड़े।
दस तक काम पूरा हो जाएगा:
बिलासपुर डाक घर के पोस्ट मास्टर राज कुमार का कहना है कि विभाग द्वारा डाक घरों को आन लाइन करने का कार्य तेजी से चल रहा है। दस फरवरी तक कार्यालय को आन लाइन करने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा ओर लेन देन शुरू कर दिया जाएगा।