जगाधरी। स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल कैंप की टीम ने शानदार बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर त्रिकोणीय क्रिकेट शृंखला का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने ग्लोबल हेरिटेज पब्लिक स्कूल रादौर को 20 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल कैंप के मैदान में शनिवार को हुई प्रतियोगिता में तीन टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल कैंप, विवेकियन क्रिकेट अकादमी और ग्लोबल हेरिटेज पब्लिक स्कूल रादौर की टीमें शामिल रहीं। शुरुआती मुकाबले में स्वामी विवेकानंद स्कूल की टीम ने विवेकियन क्रिकेट अकादमी को हराकर जीत के साथ शुरुआत की। इसके बाद लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वामी विवेकानंद स्कूल और ग्लोबल हेरिटेज स्कूल की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।
विज्ञापन
खिताबी मुकाबले में स्वामी विवेकानंद स्कूल के बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया। निर्धारित आठ ओवर में टीम ने 90 रन बनाए और प्रतिद्वंद्वी टीम के सामने 91 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में ग्लोबल हेरिटेज स्कूल की टीम को लक्ष्य तक पहुंचने के लिए तेज रन बनाने की जरूरत थी। लेकिन स्वामी विवेकानंद स्कूल के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा।
नतीजतन रादौर की टीम आठ ओवर में 70 रन ही बना सकी और उसे 20 रन से हार का सामना करना पड़ा। मुख्यातिथि प्राचार्या पूजा बख्शी और प्रबंधन समिति की मेघा कांबोज ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पदक देकर सम्मानित किया। प्राचार्या ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की। साथ ही विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया।