संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बिलासपुर के कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस के हाथ कई ठोस सुराग लगे हैं। तीसरे आरोपी को काबू करने के बाद पुलिस की निशाने पर कई अन्य संदिग्ध भी आ गए हैं। जल्द ही पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सकती है।
बिलासपुर के आढ़त कारोबारी से बीती 19 दिसंबर को अमेरिका के नंबर से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने तीन दिन बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साथ ही कुछ संदिग्ध नंबर भी पुलिस को मिले थे। इसके बाद पुलिस ने दो दिन पहले दीपेश नाम के एक अन्य आरोपी को काबू किया है।
आरोपी से अलग-अलग टीमों ने पूछताछ की है। इसके बाद पुलिस के हाथ कुछ अन्य अहम सुराग लगे हैं। पुलिस सूत्रों को दावा है कि रंगदारी मांगने के मामले में कुछ अन्य संदिग्ध भी पुलिस की नजर में आ गए हैं, जो रंगदारी की रकम को वसूल कर विदेशों में बैठे बदमाशों तक पहुंचने का काम कर रहे हैं। डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि रंगदारी मांगने के सभी मामलों काम चल रहा है। बिलासपुर के मामले में जल्द ही बड़ा खुलासा होगा।
अमेरिका में गिरफ्तार आरोपी लाएंगे भारत
कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के तार अमेरिका से जुड़े थे। अमेरिका में तीन आरोपी गौरव, सौरभ व गुरमीत को हत्या के एक मामले में 20 दिसंबर को अमेरिका की इंडियाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने भी तीनों को इस मामले में आरोपी बनाया था। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों को भी भारत लाया जाएगा। इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके लिए विदेश विभाग से सहयोग मांगा गया है।