फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: शुगर मिल ने शुरू किया गन्ने का भुगतान , 70 करोड़ का होगा भुगतान

Thu, 12 Dec 2024 01:22 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर। सरस्वती शुगर मिल ने किसानों को गन्ने का भुगतान बुधवार से शुरू कर दिया। शुगर मिल के शेड्यूल के अनुसार जो किसान 30 नवंबर तक मिल में गन्ना डाल चुके हैं उन्हें भुगतान किया जाएगा। इसके तहत करीब 70 करोड़ रुपये किसानों के खातों में जमा कराए जाएंगे। गन्ने के भुगतान को लेकर किसान पिछले दिनों सरस्वती शुगर मिल में मैनेजमेंट और इसके बाद कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मिले थे। कृषि मंत्री ने जल्द ही भुगतान कराने का आश्वासन किसानों को दिया था।
विज्ञापन

गन्ने का भुगतान होने से किसानों में खुशी का माहौल है। गन्ने से मिलने वाले भुगतान से किसान घर की जरूरतों और खासकर शादी समारोह जैसे आयोजनों को बिना किसी आर्थिक तंगी के पूरा कर पाएंगे। उल्लेखनीय है गन्ने भुगतान के मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
12 नवंबर को सरस्वती शुगर मिल में गन्ने की पेराई शुरू हुई थी। तब से लेकर अब तक करीब 28 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई शुगर मिल में हो चुकी है। इस गन्ने की कीमत करीब 112 करोड़ रुपये बनती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी पेमेंट पर मिलने वाली सब्सिडी के फार्मूले का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। किसानों की समस्याओं को देखते हुए शुगर मिल ने पहले ही भुगतान शुरू कर दिया है। गन्ना उत्पादक किसानों को सरकार की ओर से सब्सिडी राशि दी जाती है, जो सीधे किसानों के खाते में जाती है। सरकार ने गत वर्ष ही इस सीजन के लिए गन्ने का रेट 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर दिया था। परंतु सब्सिडी फार्मूले का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया। भाकियू के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना और भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री रामबीर सिंह चौहान के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधि मंडल सरस्वती शुगर मिल की मैनेजमेंट और मंत्री श्याम सिंह राणा से मिला था।
विज्ञापन

किसानों ने बताया था कि करीब एक माह से गन्ने का भुगतान न होने किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां वहां से कर्ज लेकर घर चलाना पड़ रहा है। वहीं सबसे ज्यादा दिक्कत उन किसानों को हो रही थी जिनके परिवारों में शादियां हैं। इसके अलावा किसानों को वाहनों और बैंकों से लिए गए लोन की किस्त की अदायगी भी करनी है। मंत्री ने किसानों की इस समस्या को लेकर शुगर मिल में बात की और घोषित रेट के हिसाब से पेमेंट करने के निर्देश दिए। ज्ञात हो कि शुगर मिल में यमुनानगर के अलावा अंबाला, कुरुक्षेत्र के करीब 22 हजार किसान अपना गन्ना डालते हैं। जिले में गन्ने का रकबा करीब 85 हजार एकड़ है। इस बार शुगर मिल ने करीब 160 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करने का लक्ष्य रखा है।

भुगतान शुरू कर दिया है : डीपी सिंह
सरस्वती शुगर मिल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (केन) डीपी सिंह ने बताया कि गन्ने के भुगतान को लेकर शुगर मिल ने शेड्यूल जारी कर दिया है। शेड्यूल के अनुसार ही किसानों को गन्ने का भुगतान किया जाएगा। सब्सिडी का नोटिफिकेशन जारी न होने से इस बार भुगतान करने में थोड़ी देरी हुई है। किसानों की परेशानी को देखते हुए शुगर मिल ने किसानों को गन्ने का भुगतान शुरू करने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें