गंगा सतलुज एक्सप्रेस के आगे कूद कर एक युवक ने जान दे दी। घटना मंगलवार देर रात करीब 12 बजे जगाधरी वर्कशॉप और दराजपुर रेलवे स्टेशन के बीच की है। सूचना पर रेलवे पुलिस ने पहुंचकर जांच की। शव के पास कोई दस्तावेज इत्यादि नहीं मिला, जिससे उसकी शनाख्त हो सके। पुलिस ने शव शनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। युवक की आयु करीब 30 वर्ष प्रतीत होती है। युवक ने आत्महत्या किन कारणों के चलते की है, इसका पता उसकी शिनाख्त के बाद ही चल पाएगा।
यमुनानगर जगाधरी स्थित राजकीय रेलवे पुलिस थाना तैनात उपनिरीक्षक बौद्धराज ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जगाधरी वर्कशॉप और दराजपुर के बीच एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां उन्हें डाउन ट्रैक पर एक 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। उसके शरी पर नील, लाल और सफेद तिरंगी टी-शर्ट और स्लेटी (ग्रे) रंग का लॉअर था। शव पूरी तरह क्षत विक्षत हो चुका था। कपड़ों की तलाशी लेने पर उसके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। कपड़ों में और न ही आसपास युवक का मोबाइल मिला, जिससे उसकी शनाख्त नहीं हो सके। आसपास के लोगों से उसके बारे पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की। पुलिस ने शनाख्त के लिए शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस उसकी शनाख्त के हर संभव प्रयास कर रही है। उसकी शनाख्त के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल पाएगा।
फिरोजपुर से चलकर धनबाद जाने वाली गाड़ी संख्या 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस के चालक ने स्टेशन मास्टर को दिए मेमो में बताया कि ट्रेन के आगे युवक कूद गया है। मेमो में कहा कि जब ट्रेन दराजपुर स्टेशन से निकली जगाधरी वर्कशॉप की ओर आ रही थी, तब एक युवक ट्रैक के पास खड़ा था। बार बार हॉर्न बजाने पर भी वह नहीं हटा। जब ट्रेन पास आई तो वह ट्रैक के बीच कूद गया।