प्रतापनगर। देवधर के पास रेत से भरे डंपर ने सुभाष के हंसते खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया। हादसे में दंपती की मौत से दो बेटों 15 वर्षीय नितिन व 13 वर्षीय तनुज के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। मृतक सुभाष मूल रूप से अंबाला के मुलाना थाना क्षेत्र के बिंजलपुर गांव का रहने वाला था, जो करीब 30 वर्ष पहले अपने मौसा के पास शाहजहांपुर गांव में काम सीखने के लिए आया था।
यहां पर काम सीख कर देवधर में उसने टायर पंचर की दुकान की थी। जिससे वह अपने और अपने परिवार का गुजारा कर रहा था। सुभाष के दोनों बेटे भारतीय विद्या मंदिर देवधर में पढ़ते हैं। हादसे में दंपती की मौके पर मौत की सूचना मिलते ही मृतक के रिश्तेदार व परिजन इकट्ठे हो गए। महिलाएं बिलख बिलख कर रोने लगी। माता-पिता की मौत की सूचना पर दोनों बच्चे भी मौके पर पहुंचे। डंपर के कुचले जाने से माता-पिता के शव बुरी तरह क्षत विक्षत हो चुके थे, इसलिए परिजनों ने बच्चों को शव भी देखने नहीं दिए। परिजन दोनों बच्चों को संभाल रहे थे। वहीं, बच्चों की बुआ व दादी बार-बार बेहोश होकर गिर रही थी। हालांकि इस दौरान प्रशासन की तरफ से आर्थिक मदद का आश्वासन दिलाया गया स्थानीय विधायक व कृषि मंत्री की तरफ से भी मदद की बात कही जा रही है लेकिन मासूम बच्चों के मां-बाप इससे वापस नहीं आएंगे ऐसा हर कोई व्यक्ति कहता दिखाई दे रहा था।
दंपती को 20-30 फुट तक घसीटते हुए ले गया डंपर
प्रत्यक्षदर्शी देवधर निवासी सुशील कुमार ने बताया कि सुबह वह अपने खेत से गांव की तरफ आ रहा था। तभी सुभाष अपनी पत्नी स्वर्णा के साथ बाइक पर नत्थनपुर की तरफ से आए। उसके देखते ही देखते सामने से आ रहे डंपर ने उन्हें गलत दिशा में आ सीधी टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद डंपर दोनों को बाइक समेत लगभग 20-30 फुट घसीटते हुए ले गया। बाद में डंपर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
ओवरलोड डंपर आए दिन ले रहे हैं लोगों की जान -
ग्रामीण अशोक धींगरा, चंद्रपाल ने बताया कि ओवरलोड वाहन सड़कों पर आए दिन लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं जबकि प्रशासन मौन है। लोगों ने सीधा-सीधा पुलिस व अन्य प्रशासन पर मिली भगत कर पैसे लेकर ओवरलोड ट्रक निकालने का आरोप लगाया।