छछरौली। दादूपुर हेड के समीप सोम नदी के पानी में अंदर थार से स्टंट करना चालक को भारी पड़ गया। पानी में गाड़ी दौड़ाते समय थार दलदली क्षेत्र में धंस गई। बताया जा रहा है कि कार में चालक के साथ उसकी महिला मित्र भी सवार थी।
घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। लोगों के अनुसार चालक सोम नदी के पानी में थार को तेज गति से दौड़ाकर स्टंट कर रहा था। इसी दौरान कार नदी के दलदली हिस्से में फंस गई। काफी प्रयास के बावजूद कार बाहर नहीं निकल सकी।
विज्ञापन
इस दौरान मौजूद लोगों ने कार को पानी में फंसा देखा और वीडियो बनाकर वायरल कर। लोगों का कहना है कि नदी के गहरे और दलदली हिस्सों में इस तरह वाहन ले जाना जानलेवा साबित हो सकता है। उनका कहना है कि पानी का बहाव और दलदल की गहराई बाहर से दिखाई नहीं देती है।
लोगों ने ऐसे स्थानों पर स्टंट करने से बचने की अपील की। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल का कहना है कि हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कराकर थार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।