संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग की तीन दिवसीय सरस्वती नगर ब्लॉक की खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता को सोमवार को शुभारंभ हो गया। प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलाकौर में करवाई जा रही है। प्रतियोगिता में खंड के स्कूलों के विद्यार्थी विभिन्न खेलों में अपना प्रतिभा दिखाएंगे। पहले दिन कबड्डी के मुकाबले हुए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यातिथि खंड शिक्षा अधिकारी करनैल सिंह संधावा ने किया। प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलावड़ के प्राचार्य सर्वोदय गोयल निर्णायक मंडल की भूमिका में रहे। खंड शिक्षा अधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल की भावना से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न हिस्सा है। जो विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व व सहयोग की भावना का विकसित करता है।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता इस दौरान लड़के व लड़कियों की कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स व वॉलीबॉल के मैच करवाए जाएंगे। प्राचार्या डॉ. मीनाक्षी ने विद्यालय की उपलब्धियों के बारे जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय ने शैक्षणिक के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। प्रतियोगिता का आरंभ कबड्डी के मैच से करवाया गया। इस दौरान डॉ. मीना कुमारी, किरण दीप कौर, अनिल कुमार, प्रवीण कुमार, गार्गी, नरेंद्र कौर सहित विद्यालय के सभी अध्यापक व खंड से आए शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।