संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। राजकीय सीनियर सरकारी स्कूल चमरौडी में वीरवार को सेमिनार करवाया गया। डीएसपी रादौर आशीष चौधरी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपना शारीरिक व मानसिक विकास करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज नशे से समाज में अपराध बढ़ रहा है। जिससे आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है। वहीं, हमारी लापरवाही से ही ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवार के लिए बड़ी मुसीबत लेकर आती है। हमारी थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता से सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। हमें हमेशा सड़कों पर यातायात नियमों की पालना करनी चाहिए।
युवा वर्ग यातायात नियमों को अपने व्यवहार में अपनाकर तथा छोटी-छोटी आदतों को जीवन का हिस्सा बनाकर अपना व दूसरों के जीवन को सुरक्षित बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति की कॉल पर भरोसा करके आप अपने बैंक खाता, क्रेडिट, डेबिट कार्ड की जानकारी साझा न करे। अपने फेसबुक, व्हाट्सएप का पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहे।
ओटीपी को किसी से भी शेयर ना करे, किसी भी अनजान व्यक्ति का वीडियो कॉल ना उठाएं। बिना जानकारी के लालच में आकर ऑनलाइन सस्ते सामान को ना खरीदें। पुलिस वर्दी में वीडियो कॉल करके डिजिटल अरेस्ट करने वालों से ना डरें। साइबर अपराध से बचने हेतू सतर्कता बरतें तथा दूसरों को भी जागरूक करें। इस अवसर पर पवन रोहिला, विपिन कुमार, राजेंद्र कुमार, विनोद कुमार, संत कुमार, जसविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।