संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में अव्वल रैंक लाने के लिए नगर निगम की ओर से विभिन्न गतिविधियां कर शहरवासियों को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को निगम की टीम ने विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार के मार्गदर्शन में नगर निगम ने स्नेह सेवा ट्रस्ट व महाबीर वेलफेयर सोसायटी के साथ मिलकर आनंद पब्लिक स्कूल, दयानंद वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मॉडल टाउन, राजकीय उच्च विद्यालय गोबिंदपुरी, राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, वूमेन लीग औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, डीएवी कन्या महाविद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल कॉलोनी, शहीद नवीन वैध राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मॉडल टाउन में कार्यक्रम आयोजित किए।
निगम की टीम इंचार्ज मुक्ता, स्नेह सेवा ट्रस्ट संस्थापिका ममता सेन व महाबीर वेलफेयर सोसायटी की संचालिका विनय अग्रवाल, निशा आदि ने विद्यार्थियों को अलग अलग डस्टबिन रखने व स्वच्छता हीरोज ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्वच्छता हीरोज एप के बारे में बताते हुए उन्होंने बताया कि यह एप आम नागरिकों और विशेष रूप से बच्चों को स्वच्छ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करने का एक प्रभावी डिजिटल माध्यम है।
इस एप के माध्यम से विद्यार्थी व आमजन को खेल-खेल में स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस एप के माध्यम से कचरा पृथक्करण, सही तरीके से कचरे का संग्रहण, खुले में गंदगी फैलाने की रोकथाम तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग में कमी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस एप की एक विशेषता यह भी है कि इसमें ई-चालान प्रणाली से संबंधित जानकारी को भी जोड़ा गया है, ताकि नागरिकों को स्वच्छता नियमों के पालन का महत्व और उल्लंघन की स्थिति में होने वाली कार्रवाई के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सके।