व्यासपुर। राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला में वीरवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आपात स्थिति से बचने के लिए मॉक ड्रिल से संबंधित जानकारी व प्रशिक्षण प्राचार्या डॉ. सर्वजीत कौर के मार्गदर्शन में दिया गया।
उपप्राचार्य डॉ. सुनील तनेजा ने कहा कि भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया। इसे यह नाम इसलिए दिया गया है, क्योंकि जिनके पति पहलगाम में हुए हादसे का शिकार हुए हैं उनकी याद में यह कार्रवाई की गई है। इस संदर्भ में युद्ध की संभावना के कारण भारत में अनेक स्थान पर मॉक ड्रिल करवाई जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को प्रशिक्षण मिल सके और वे अपने परिवारों को भी प्रशिक्षित कर सकें।
विज्ञापन
डॉ. रमेश धारीवाल ने कहा हम सभी को आत्मविश्वास और दृढ़ता से रहना है। किसी भी तरह की अफवाहों में नहीं आना। युवाओं का काम केवल बचना ही नहीं बल्कि बचाना भी है। प्रो. मोहिंद्र ने कहा कि जिले में चार हेड क्वार्टर बनाए जाएंगे। शाम को मॉक ड्रिल में कृत्रिम परिस्थिति के अंतर्गत तैयारी करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि हमें किस परिस्थिति में कैसी प्रतिक्रिया करनी है। इसके बाद विद्यार्थियों को मॉक ड्रिल से संबंधित वीडियो दिखाया गया, फिर सायरन बजाकर प्रशिक्षण दिया गया, जैसे कि आक्रमण होने पर हमें नीचे झुकना चाहिए और दीवार के साथ कोने में छुप जाना चाहिए। इसके साथ ही कमरों की खिड़कियों पर गहरे रंग के परदे लगे होने चाहिए।