संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में चल रही दो दिवसीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता (टैलेंट शो) मंगलवार को संपन्न हो गई। इस दौरान विधायक घनश्याम दास अरोड़ा कार्यक्रम में मुख्यातिथि रहे। कार्यक्रम के दौरान इंडोनेशिया में हुई इंटरनेशनल कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता छात्रा ज्योति को सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्रा के पिता अशोक कुमार, माता रजनीश व कोच अदिति को भी मुख्यातिथि ने सम्मानित किया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों से खूब धूम मचाई।
इस दौरान घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि लड़कियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती है। यदि उन्हें समान अवसर मिले तो वे बेहतर कार्य करके दिखाती हैं। छात्राएं पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम क्षेत्र में भी जिले का नाम रोशन कर रही हैं। ज्योति ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॉलेज, जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस दौरान भावना, तान्या व वंशिका ने मैनु लहंगा लई दे मेहंगा जा मरजानेया गीत पर डांस से धूम मचा दी। ज्योति ने वे तू लौंग, वे मैं लाची, तेरे पीछे आ गवाची, सानिया ने हाए नी हाए नखरा तेरा नी, हर्षिता ने दिवानी मस्तानी हो गई तथा सिया व कसक ने शिखर दोपहर विच चलदी है पंखियां, गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर समां बांधा।
इस प्रकार रहे परिणामः
सोलो डांस में बीए अंतिम वर्ष की रूपसा ने पहला, बी कॉम प्रथम वर्ष की मान्या ने दूसरा व बीए प्रथम वर्ष की मीनाक्षी ने तीसरा स्थान पाया। ग्रुप डांस में काजल व शिवानी ने पहला, भावना, तानिया, वंशिका व जानवी की टीम ने दूसरा तथा स्नेहा व महक की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। गायन में बीए अंतिम वर्ष की पूजा रावत ने पहला, बीए द्वितीय वर्ष की मेघांशु ने दूसरा तथा बीए अंतिम वर्ष की मानषु ने तीसरा स्थान अर्जित किया। वादन में बीए प्रथम वर्ष की स्वास्तिका पहले, बीए अंतिम वर्ष की पूजा रावत ने दूसरे व बीए द्वितीय वर्ष की मेघांशु ने तीसरे स्थान पर रही। काव्य पाठ में बीए मनोविज्ञान ऑनर्स अंतिम वर्ष की खुशी ने पहला, रूपसा ने दूसरा तथा बीए प्रथम वर्ष की समीक्षा ने तीसरा स्थान अर्जित किया। भाषण में बीकॉम अंतिम वर्ष की अश्मिता ने पहला, बीसीए द्वितीय वर्ष की जानवी ने दूसरा तथा बीए मनोविज्ञान ऑनर्स अंतिम वर्ष की खुशी ने तीसरा स्थान पाया। पेंटिंग में बीए तृतीय वर्ष की सेजल ने पहला, बीए प्रथम वर्ष की प्रियंका ने दूसरा तथा बीए तृतीय वर्ष की सुरभि ने तीसरा स्थान पाया। प्रश्नोत्तरी में पलक, पूजा, दिव्या अरिन की टीम ने पहला, तानिया, तन्वी, सिमरनजीत व कनिका की टीम ने दूसरा तथा अंजलि, मधु, जसलीन व सतविंद्र की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के विजेताओं के साथ मुख्यातिथि व अन्य। संस्थान
प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के विजेताओं के साथ मुख्यातिथि व अन्य। संस्थान