संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगाधरी में आयोजित हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सरोजनी कॉलोनी स्थित मुकंद लाल पब्लिक स्कूल के 36 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया। विद्यार्थियों ने उत्तम प्रदर्शन करते हुए 20 स्वर्ण, 20 रजत तथा 10 कांस्य पदक प्राप्त किए।
प्रधानाचार्या सीमा कटारिया के मुताबिक प्रतिभागी विद्यार्थियों में क्षितिज, मुकुल, राघव, आदित्य सैनी, हार्दिक, नंदिनी, राशि, लक्ष्य, महक, सानवी तथा सलोनी का प्रदर्शन सर्वोत्कृष्ट रहा। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उन्हें पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्कूल निदेशक शशि बाटला ने कहा कि विद्यालय के लिए हर्ष और गौरव का विषय है कि ऐसे युवा खिलाड़ी सामने आ रहे हैं जो अपनी खेल प्रतिभा से न केवल अपना बल्कि विद्यालय एवं परिवार का नाम भी गौरवान्वित कर रहे हैं। प्रधानाचार्या कटारिया ने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है। प्रतियोगिताएं बच्चों को अनुशासन, सहयोग और मैत्री भाव रूपी सूत्र में पिरोने वाली सुंदर मणिकाओं का भी स्वरूप होती हैं।