रादौर। शहर के जेएमआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें अभिभावकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और उनके सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई।
अभिभावकों ने बैठक में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कॉलेज में शिक्षण व्यवस्था की सराहना की। बैठक के दौरान प्राध्यापकों ने अभिभावकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई, कक्षाओं में उपस्थिति और अन्य गतिविधियों में भागीदारी को लेकर चर्चा की। अभिभावकों ने संस्थान के विभागों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और आधुनिक तकनीकों की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों के विकास में कॉलेज के प्रयासों पर संतुष्टि जताई और भविष्य में भी सहयोग जारी रखने की बात कही।
संस्थान के निदेशक डॉ. एसके गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कॉलेज लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने अभिभावकों की अपने बच्चों के करियर के प्रति सजगता की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को रोजगार के योग्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है, लेकिन इसमें विद्यार्थियों का सहयोग भी जरूरी है।