संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय जगाधरी में महानिदेशक उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार आयोजित रिफॉर्म उत्सव 2026- युवा रिफॉर्म्स फॉर विकसित हरियाणा कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शासन व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव दिए।
आईक्यूएसी और एनसीसी सेल के संयुक्त तत्वावधान में नोडल अधिकारी डॉ. अनीता के नेतृत्व में सात गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यकारी प्राचार्या डॉ. करुणा ने कहा कि रिफॉर्म उत्सव विद्यार्थियों को शासन व्यवस्था समझने, उसमें सुधार के सुझाव देने और जिम्मेदार नागरिक बनने का मंच प्रदान करता है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास हुआ है।
उन्होंने बताया कि स्टूडेंट पार्लियामेंट और समूह चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने खुलकर अपने विचार रखे। साथ ही दाखिला प्रक्रिया, छात्रवृत्ति, परीक्षा और डिजिटल सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को समझा। विद्यार्थियों ने समस्याएं बताने के साथ उनके व्यावहारिक समाधान सुझाना भी सीखा। पांच टीमों में आयोजित रिफॉर्मेशन गतिविधियों ने उनमें सामूहिक रूप से कार्य करने की भावना विकसित की।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम शिक्षकों के लिए भी उपयोगी रहा। उन्हें विद्यार्थियों से सीधा फीडबैक मिला, जिससे पढ़ाई और प्रशासनिक कार्यों में आने वाली समस्याओं को समझने का अवसर मिला। जन संवाद जैसी गतिविधियों से शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच संवाद और विश्वास मजबूत हुआ। कार्यक्रम में डॉ. राखी, डॉ. अनिल, गौरव बरेजा, डॉ. लखपत सिंह, डॉ. विजय चावला, पूनम गर्ग, राजीव गोयल, प्रोफेसर गरिमा, शालू कंबोज और रणदीप कुमार का विशेष योगदान रहा।