यमुनानगर। जिला पुलिस लाइन जगाधरी में शुक्रवार को हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल जगाधरी के विद्यार्थियों ने हथियारों की मारक क्षमता और विशेषताओं के बारे में जानकारी ली।
प्रदर्शनी में एलएमजी, एसएलआर 7.62 एमएम, इंसास राइफल 5.56 एमएम, एके-47, कार्बाइन 9 एमएम, पिस्टल अल्टो 9 एमएम, ग्लॉक पिस्टल 9 एमएम, .38 बोर रिवॉल्वर, स्टेनगन 9 एमएम, गैस गन और 12 बोर पंप एक्शन गन सहित कई हथियार प्रदर्शित किए गए। डीएसपी मुख्यालय कंवलजीत सिंह ने विद्यार्थियों को हथियारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डीएसपी सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है। साथ ही उन्हें पुलिस बल की जिम्मेदारियों, साहस और समर्पण को करीब से समझने का अवसर मिलता है। शहीद पुलिस कर्मियों की बहादुरी और उनका बलिदान समाज के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी अपनी जान की परवाह किए बिना देश और समाज की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निभाते हैं।