यमुनानगर। गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज के प्रांगण में संत निश्चल सिंह महाराज के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लेक्चर व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने छात्राओं को स्वरोजगार समेत अन्य विषयों पर जानकारी प्रदान की।
इस दौरान वाणिज्य विभाग, इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल तथा उद्यमिता एवं कौशल संवर्धन प्रकोष्ठ की ओर से कौशल अंतर को पाटना, कक्षा की शिक्षा से उद्यमशीलता की सफलता तक विषय पर एक्सटेंशन लेक्चर व प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष सहायक प्राध्यापिका रमनजोत कौर के नेतृत्व में हुआ।
विज्ञापन
मुख्य वक्ता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग के चेयरपर्सन डॉ. महावीर नरवाल रहे। उन्होंने छात्राओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप संस्कृति और कक्षा शिक्षण व उद्यम जगत की मांग के बीच के अंतर से अवगत कराया। व्याख्यान का उद्देश्य सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक उद्यमशीलता में बदलने के लिए जरूरी कौशलों से परिचित कराना था।
इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें एमकॉम की छात्राओं द्वारा निर्मित हस्तकला शिल्प उत्पादों के साथ संत निश्चल सिंह महाराज से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरें एवं वस्तुएं भी प्रदर्शित की गईं। महाराज के जीवन और शिक्षाओं को दर्शाने वाली इन स्मृतियों ने कार्यक्रम को प्रेरणादायक बना दिया। निदेशिका डॉ. वरिंदर गांधी ने छात्राओं के कौशल और प्रतिभा की सराहना की। प्राचार्या डॉ. सुखविंदर कौर ने छात्राओं को भविष्य में सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया।