व्यासपुर। सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। दसवीं की छात्राओं ने गिद्दा और 11वीं की छात्राओं ने पंजाबी भांगड़ा प्रस्तुत कर पंजाबी संस्कृति की झलक दिखाई।
कार्यक्रम में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक राणा मुख्यातिथि रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस वर्ष वार्षिकोत्सव की थीम कुटुंब रही। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। मुख्यातिथि राणा ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा गंभीरता और एकाग्रता के साथ ग्रहण करनी चाहिए। शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य को हासिल कर नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। बच्चों को पढ़ाई के साथ अपनी संस्कृति को भी सहेजकर रखना चाहिए। खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने से प्रतिभा निखरती है और सर्वांगीण विकास होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने की सलाह दी। उपप्राचार्य नितेश पंजेटा ने भी विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान वार्षिक परीक्षा और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्राचार्य सूबे पंजेटा, धर्मपाल, विशु सहित अध्यापक व विद्यार्थी मौजूद रहे।