संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के मॉडल टाउन में मेला सिंह चौक स्थित ओरेन इंटरनेशनल ब्रांच में विभिन्न कोर्स कर रही छात्राओं ने सोमवार को हंगामा कर दिया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि ब्रांच को दो माह पहले मुख्यालय द्वारा टर्मीनेट किया जा चुका था, लेकिन इस बारे में किसी भी छात्रा को बताया भी नहीं गया। इतना ही नहीं फीस भी ज्यादा वसूली जा रही थी।
छात्राएं ओरेन इंटरनेशनल की ब्रांच पर कार्रवाई और दी गई फीस को वापस करने की मांग पर अड़ी रही। हंगामा होता देख थाना शहर यमुनानगर पुलिस मौके पर पहुंची ब्रांच की मैनेजर को अपने साथ थाने ले गई। जहां पर दोनों पक्षों की बातचीत के बाद 24 जुलाई तक का समय दिया गया। बुधवार को एक बार फिर से दोनों पक्षों को बुलाया जाएगा।
ओरेन इंटरनेशनल ब्रांच में पहुंची छात्राएं नवदीप, शरणजीत कौर, नैंसी, मोक्षी, कुलदीप ने बताया कि इस ब्रांच से काफी संख्या में छात्राएं हेयर कट, स्किन, नेल, मेकअप आदि के कोर्स कर रही हैं। वह जुलाई माह तक की फीस ब्रांच में जमा करवा चुकी हैं। इस ब्रांच का मुख्यालय मोहाली में है।
मोहाली कार्यालय से उनके मोबाइल पर मैसेज आया है कि यमुनानगर में ओरेन की इस ब्रांच को दो माह पहले टर्मीनेट कर दिया गया है। इस ब्रांच की गतिविधियां सही नहीं हैं। इसलिए वह अपनी फीस ब्रांच से जाकर वापस ले लो। मैसेज को देखते ही वह सब ब्रांच में पहुंची और ब्रांच मैनेजर आंचल शर्मा से बात की। उन्होंने मैनेजर से पूछा कि जब दो माह पहले इस ब्रांच को टर्मीनेट किया जा चुका है तो उन्हें बताया क्यों नहीं गया।
साथ ही छात्राओं ने ब्रांच पर ज्यादा फीस वसूलने का भी आरोप लगाया। छात्राओं ने बताया कि जिस कोर्स की फीस 45 से 50 हजार रुपये बताई गई है, मुख्यालय से उसकी फीस 25 हजार रुपये बताई जा रही है। यही नहीं फीस की रसीद भी नहीं दी जाती। वह डायरेक्टर से बात कराने को कहने लगी तो मैनेजर ने बताया कि वह कनाडा में परिवार के साथ रहते हैं।
शरणजीत कौर ने बताया कि वह जुलाई माह तक की 75 हजार रुपये फीस जमा करवा चुकी है। मुख्यालय से बताया गया है कि उनके पास अब तक उसकी 45 हजार रुपये फीस ही जमा हुई है। ब्रांच की तरफ से उसे पूरे साल की फीस एक लाख 45 फीस बताई गई थी। हेड आफिस से एक लाख 21 हजार रुपये बताई गई है।
यमुनानगर ब्रांच द्वारा छात्राओं के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। इसलिए ब्रांच संचालकों पर कार्रवाई होनी चाहिए। छात्राओं ने बताया कि जब वह ब्रांच मैनेजर से बात करने लगी तो वह अपने कार्यालय में अंदर से कुंडी लगाकर बैठ गई। छात्राओं ने अपनी फीस वापस करने और अब तक जमा की गई फीस की रसीद देने की मांग करने लगी।
रिकॉर्ड को कब्जे में ले लिया : कुशलपाल
थाना शहर यमुनानगर के जांच अधिकारी एसआई कुशपाल ने बताया कि सूचना पर वह ओरेन इंटरनेशनल की ब्रांच पहुंचे थे। छात्राओं ने ज्यादा फीस लेने और रसीद न देने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में ब्रांच मैनेजर से पूछताछ की जा रही है। साथ ही रिकॉर्ड को भी कब्जे में ले लिया है। ब्रांच की तरफ से बुधवार तक का समय छात्राओं से मांगा गया है।