- जिले का भार दो सरकारी ब्लड बैंक पर, डेंगू के छह नए केस मिले
राकेश चौहान
करनाल। जिले की करीब 17 लाख आबादी है। इस आबादी के लिए सिर्फ दो ही सरकारी ब्लड बैंक हैं। जिनमें एक ब्लड बैंक नागरिक अस्पताल में तो दूसरा कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में है। इससे अलग पांच ब्लड बैंक प्राइवेट हैं। जहां पर रक्त व प्लेटलेट्स महंगे दाम में मिलता है। ऐसे में शहर के आस पास के क्षेत्र के लोगों को इन्हीं ब्लड बैंकों की ओर दौड़ना पड़ता है। जिसमें सबसे ज्यादा परेशानी असंध क्षेत्र के लोगों की है।
असंध शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर है और एक टोल प्लाजा भी है। ऐसे में यहां पर दाखिल मरीजों के लिए रक्त व प्लेटलेट्स लेने के लिए उनके परिजन करनाल शहर की ओर दौड़ते हैं। ऐसे में दो घंटे तो मरीज के परिजनों के आने जाने में लगते हैं। इससे अलग ब्लड व प्लेटलेट्स लेने के लिए अलग से समय लगता है। ऐसे में मरीज की तबीयत और बिगड़ जाती है। इससे अलग घरौंडा भी शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर है, ऐसी ही स्थिति इंद्री और निसिंग क्षेत्र की है। यह क्षेत्र भी शहर से 30 किलोमीटर दूर है। इन क्षेत्र के मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग को व्यवस्था करनी चाहिए। संवाद
डेंगू के मिले छह केस
वीरवार को भी जिले में डेंगू के छह केस सामने आए हैं। अब डेंगू के केस का आंकड़ा 599 तक पहुंचा चुका है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि उनकी टीमों ने 1465813 घरों की जांच की है। जिनमें 10615 घरों में लार्वा मिला है। इनमें से 5287 घर के मालिकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं 17775 लोगों के खून के नमूने लेकर जांच की जा चुकी है। जिसमें 599 लोगों को डेंगू पॉजिटिव मिला है।
नीलोखेड़ी व असंध में खुला ब्लड स्टोरेज केंद्र
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुछ दिन पहले ही नीलोखेड़ी व असंध में स्टोरेज केंद्र खोला है। जिसमें 50 से 60 यूनिट रक्त की रखी जाएगी ताकि वहां के मरीजों को रक्त वहीं मिल सके लेकिन इन क्षेत्रों में अभी तक एक भी ब्लड बैंक नहीं है। अन्य क्षेत्रों में ब्लड स्टोरेज की व्यवस्था नहीं है।
शहर में जिला नागरिक अस्पताल की पहली मंजिल पर और कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक है। फिलहाल नीलोखेड़ी व असंध में ब्लड स्टोरेज केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर जिला नागरिक अस्पताल से ही रक्त की यूनिट भेजी जाएगी ताकि मरीजों को वहीं से रक्त मिल सके।
- संजय वर्मा, क्षत्रिय रक्त संचार केंद्र के इंचार्ज, नागरिक अस्पताल करनाल