यमुनानगर। राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शुक्रवार को बैंक कर्मचारी व अधिकारी भी शामिल रहे। इसके चलते जिले की करीब 236 बैंक शाखाओं पर पूरे दिन ताले लटके रहे और चेक क्लीयरिंग, पैसे जमा कराने व निकलवाने जैसी सेवाएं प्रभावित रहीं। हड़ताल से बैंक शाखाओं में एक दिन में होने वाला करीब 300 करोड़ का लेनदेन नहीं हो पाया।
उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंकों के एटीएम पर सुबह से दोपहर तक लोगों की भीड़ रही वहीं, शाम तक अधिकांश एटीएम पर कैश खाली हो गया।
बता दें कि एआईबीईए व एआईबीओए के आह्वान पर देशभर में बैंक कर्मचारी व अधिकारी ट्रेड यूनियनों द्वारा की गई राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल हुए। इसके चलते जिले में करीब 236 बैंक शाखाओं पर दिनभर ताले लटके रहे, जिनके लगभग 1800 अधिकारियों व कर्मचारियों ने हड़ताल के चलते कोई कामकाज नहीं किया। जिले में जगह-जगह बैंक कर्मचारियों ने अपने संगठन के बैनर तले प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।