यमुनानगर। शहर के तीन वार्डों में 2.13 करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्यों के लिए नगर निगम की ओर से ई निविदा लगा दी गई हैं। इसमें वार्ड नंबर-9, 12 व 14 शामिल हैं। निविदा प्रक्रिया पूरी होने पर गलियों-नालियों सहित अन्य निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे। हालांकि इन काम के लिए विधानसभा चुनाव से पहले भी ई निविदा लगाई गई थीं पर आचार संहिता के कारण इसकी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। अब आचार संहिता खत्म होने के बाद नगर निगम अफसर ऐसे सभी कार्यों की दोबारा ई निविदा लगा रहे हैं। गत पांच दिनों में चार करोड़ रुपये की निविदाएं लगाई जा चुकी हैं।
नगर निगम की ओर से अब 2.13 करोड़ रुपये के कामों की ई निविदा लगाई हैं। इसके तहत वार्ड नौ में 77.04 लाख रुपये से प्यारा चौक से मुंडा माजरा, लाल द्वारा से तेजली स्टेडियम, महाराणा प्रताप पार्क, शादीलाल आहूजा के घर से ओबरॉय चौक, राजकीय स्कूल से हरिओम टेंट सहित विभिन्न सड़कों के सुदृढ़ीकरण का काम होगा। वार्ड नौ में ही 31.29 लाख रुपये से मॉडल कॉलोनी में अशोक बग्गा की दुकान से कुलदीप सिंह की दुकान तक बॉक्स टाइप ड्रेन और आर्य समाज मंदिर से एनपी मेहता व अशोक बग्गा के घर से विजय लांबा के घर तक पाइप बिछाने, मॉडल कॉलोनी में ही 12.27 लाख रुपये से दर्शना रानी के घर से राजन के घर तक गली व नाली का निर्माण, वार्ड की सरोजनी कॉलोनी में 1.36 लाख रुपये से कम्युनिटी सेंटर की मरम्मत के काम होंगे। वार्ड 12 में 26.69 लाख रुपये से रायपुर में वाल्मीकि चौपाल का निर्माण, इसी वार्ड में 6.22 लाख रुपये से स्लीम के प्लॉट से आलिम के घर तक रास्ते का निर्माण, वार्ड के ही कामी माजरा में 6.65 लाख रुपये से चहारदिवारी, कामी माजरा में ही 1.88 लाख रुपये से रायपुर रोड समीप धर्मशाला से इकराम के घर तक दोनों ओर ड्रेन का निर्माण, इसी वार्ड के शादीपुर गांव में 13.85 लाख रुपये से धर्मशाला में दो कमरे, रसोई, शौचालय निर्माण व शेड डालने के काम होंगे। वार्ड 12 से ही 30.82 लाख रुपये से टपरी श्मशान घाट में चहारदिवारी व कमरे का निर्माण कार्य होने हैं। वार्ड 14 में 5.87 लाख रुपये से पुराना हमीदा में मॉर्डन टेलर, गली नंबर-2 व पानी की टंकी समीप ड्रेन का निर्माण होना है।