संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के पुराने औद्योगिक क्षेत्र में जल्द अंधेरे से निजात मिलने वाली है। यहां स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुधारने के लिए हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एचएसआईआईडीसी) की योजना तैयार है। इसके तहत करीब 64.11 लाख रुपये के खर्च से औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें व हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। विभाग की ओर से ई निविदा लगा दी गई है। जिस भी एजेंसी या ठेकेदार को कार्य आदेश होगा, उसे छह माह में यह काम पूरा करना है।
शहर के बीच औद्योगिक क्षेत्र में सैकड़ों प्लाई व अन्य उद्योग हैं। इसके अलावा यहां शहर की सब्जी, अनाज व गुड मंडियां हैं। जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग, जिला मत्स्य विभाग, जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, दमकल केंद्र व जिला दमकल अधिकारी कार्यालय भी यहीं स्थित है। कई वीआईपी सहित हजारों लोगों का रोज औद्योगिक क्षेत्र में आना-जाना है।
इसके बावजूद यहां कई जगह दूर-दूर तक स्ट्रीट लाइट नहीं है। कई लाइट बंद रहती हैं। इस कारण शाम बाद यहां अंधेरा छा जाता है। इससे आने-जाने वाले पैदल राहगीरों व वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यह परेशानी देख एचएसआईआईडीसी की ओर से औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट सिस्टम के अपग्रेडेशन व हाई मास्ट लाइटें लगाने के लिए 64.11 लाख रुपये का अनुमान बनाया, जिस पर मंजूरी के बाद ई निविदा लगा दी है।
इस संबंध में एचएसआईआईडीसी की इलेक्ट्रिकल विंग से सीनियर मैनेजर ने बताया कि पुराने औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार होगा। इसके लिए नए स्ट्रीट व हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। प्रयास रहेगा कि यह काम जल्द शुरू कराया जाए।