संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कुत्तों की नसबंदी करने के लिए 1.25 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इस धनराशि से लगभग साढ़े छह हजार कुत्तों की नसबंदी की जाएगी। नगर निगम हाउस की पहली बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया था। एस्टीमेट की स्वीकृति के लिए 12 जून को होने वाली नगर निगम सदन की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी ने दी।
निगम आयुक्त मंगलवार को वह सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए तीनों मुख्य सफाई निरीक्षकों की बैठक ले रहे थे। बैठक में कुत्तों की नसबंदी, लावारिश पशुओं को पकड़ने, हर वार्ड में रोजाना सफाई करने, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पोर्टल, कचरा प्वाइंट खत्म,नालों की सफाई की निगरानी करने, स्वीपिंग मशीन से मुख्य मार्गाें की सफाई, नाइट स्वीपिंग समेत विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की गई।
निगम आयुक्त पिलानी ने ने सफाई अधिकारियों को निर्देश दिए कि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में लगे हर वाहन की निगरानी रखें। नालों की सफाई की निगरानी करें। ड्रोन से बनाए गए वीडियो में जहां गंदगी दिखाई दे रही है, उन स्थानों की सफाई कराए। शहर को लावारिस पशुओं से मुक्त बनाने के लिए हर बेसहारा पशु को पकड़ गोशाला पहुंचाए। इस मौके पर उप निगम आयुक्त कुलदीप सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, दीपांशु आदि मौजूद रहे।