संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए सांविधानिक संस्थाओं को निशाना बनाना रही है। सत्ता से बाहर रहना कांग्रेस नेताओं को मुश्किल लग रहा है और वह सत्ता में आने के लिए किसी भी तरह के हथकंडे अपनाने को तैयार है।
उन्होंने मंगलवार को जिले में विभिन्न कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया के विरोध को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के साथ विदेशी ताकतों पर भी भारत को अस्थिर करने का षड्यंत्र रचने के आरोप लगाए। चुनाव आयुक्तों के संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कहा कि जब मुख्य चुनाव आयुक्त और दो अन्य चुनाव आयुक्त स्पष्ट कर चुके हैं कि उनके बीच कोई मतभेद नहीं था और एसआईआर प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति थी, तो कांग्रेस का विरोध समझ से दूर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद कांग्रेस सड़कों पर उतरकर देशभर में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार को दामला स्थित सेठ जय प्रकाश पॉलीटेक्निक, डीएवी गर्ल्स कॉलेज और प्रोफेसर कॉलोनी स्थित अद्वितीय स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इन कार्यक्रमों के दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।
अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर जताई आपत्ति : सीजेपी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है। उचित मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि इस तरह की भाषा से युवाओं के सामने कैसा उदाहरण प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विरोध दर्ज कराते समय लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन किया जाना चाहिए।