साढौरा। प्राकृतिक आपदा से खराब हुई फसलों के मुआवजे के लिए किसानों को पोर्टल में उलझाने के बजाय स्पेशल मुआवजा करवा कर तत्काल मुआवजा प्रदान किया जाना चाहिए। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के हलका प्रधान सतपाल मानकपुर ने रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में यह मांग की।
उन्होंने 20 सितंबर से धान की खरीद शुरु करने के अलावा किसानों को धान में नमी के नाम पर परेशान नहीं करने की भी मांग उठाई। जिला प्रभारी सुभाष शर्मा ने कहा कि किसी भी गांव में स्मार्ट मीटर लगाने की कोशिश की तो यूनियन इसका डट कर विरोध करेगी। देहात की सड़कों की वर्तमान हालत के कारण किसानों को उपज मंडी तक पहुंचाने में बहुत दिक्कत रहेगी।
धान की खरीद शुरु होने से पहले इन सड़कों की विशेष मरम्मत करवाने का प्रबंध किया जाना चाहिए। ब्लॉक प्रधान जनक पांडों ने कहा कि गेंहू की बिजाई से पहले सरकार को डीएपी की समुचित आपूर्ति का प्रबंध सुनिश्चित करना चाहिए। इस दौरान रामपाल, राजकुमार राणा, बलविंद्र सिंह नंबरदार, सचिन, नाजीर खान, अनिल व सुरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।