यमुनानगर। केंद्रीय विश्वविद्यालय जांट पाली, जिला महेंद्रगढ़ में 24 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय 40वीं राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी मेले में 50 प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में अपने पशु लेकर जाने वाले पशुपालकों को पहले पशु अस्पताल से 12 डिजिट का टैग पशु को लगवा कर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
पशुपालन व डेयरी विभाग के एसडीओ डॉ. सतबीर सिंह ने बताया कि इस मेले में गाय, भैंस, बैलों की जोड़ी, सांड, भेड़, बकरी, सुअर, मेंढ़े, ऊंट, घोड़े, गधे, खच्चर सहित देशी व संकर नस्ल के उत्तम पशुओं की करीब 50 प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। पशुपालकों को अपने उत्तम नस्ल के पशुओं को प्रदर्शनी में लाने व ले जाने के लिए सरकार की ओर से किराया दिया जाएगा। प्रदर्शनी में मुर्राह भैंस तथा गायों की हरियाणा साहिवाल, गिर, थारपरकर, राठी, बेलाही व शंकर नस्ले, भेड़ में नाली व हिसार डेल की नस्ल शामिल हैं। पशुपालन विभाग की तरफ से राज्य स्तरीय पशु मेले को दिखाने के लिए मुफ्त बसों का प्रबंध भी किया गया है। इसमें कृषि, बागवानी व मछली पालन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। विजेता पशुओं के मालिकों को लाखों के आकर्षक इनाम भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 24 से 26 फरवरी तक केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ के लिए बसें जाएगी। 24 फरवरी को रादौर, जमालपुर व झींवरेहड़ी से जो बसें जाएगी उसके प्रभारी डॉ. नितिन रहेजा होंगे। देवधर, बूड़िया व जगाधरी से जो बसें जाएंगी उनके प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह होंगे। 25 फरवरी को राजपुर, हवेली व साढौरा से जो बस जाएगी उनके प्रभारी डॉ. सुभाष अहलावत होंगे। प्रतापनगर, मलिकपुर व खादर छछरौली के बस प्रभारी डॉ. प्रशांत तिवारी होंगे। 26 फरवरी को जठलाना, गुमथला व नाचरौन से जो बसें जाएंगी उनके प्रभारी डॉ. वैभव पुरवार होंगे। रणजीतपुर व बिलासपुर के बस प्रभारी डॉ. अमित कुमार होंगे।