यमुनानगर/छछरौली। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष एवं हलका जगाधरी के विधायक कंवरपाल ने वीरवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह छछरौली में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनी तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कृषि कार्य करते हुए विकलांग हुए कोट मुस्तरका निवासी फजलू को एक लाख 87 हजार 500 रुपये व मुजाफत कलां निवासी कुमार भूपेंद्र को 75 हजार रुपये की राशि के चैक आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान किए। वही राजकीय महाविद्यालय छछरौली में विद्यार्थियों के बैठने के लिए बैंच, शेल्टर व खेल के सामान के लिए 5 लाख 50 हजार रुपये भी प्रदान किए।
विधानसभा अध्यक्ष ने छछरौली में लगभग 95 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गलियों, नालियों व अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।
विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए लोगों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। यदि कहीं से पेयजल पाइप लाईन लीकेज होने की शिकायत मिलती है तो उसे तुरंत ठीक करवाएं।
इस अवसर पर तहसीलदार छछरौली टीआर गौतम, बीडीपीओ छछरौली नरेंद्र, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अजय भाटी, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ प्रमोद गुप्ता, बिजली बोर्ड के एसडीओ पंकज देसवाल, जेई सुमेर चंद, तेजपाल शर्मा, निकुंज गर्ग, ओम प्रकाश अरोड़ा, भाजपा नेता कपिल मुनीश गर्ग, शिव राज सिंह आदि भी उपस्थित थे।