संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कपालमोचन स्थित क्षत्रिय राजपूत धर्मशाला का 24वां स्थापना दिवस रविवार को मारवा कलां स्थित निजी पैलेस में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे वन, पर्यावरण वन्य प्राणी तथा खेल राज्य मंत्री संजय सूरजपाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट होकर समाज में फैली बुराइयों को मिटाने के लिए आगे आना चाहिए।
इससे पूर्व समाज की तरफ से मुख्यातिथि को पगड़ी पहना कर, शाॅल ओढ़ाकर तथा महाराणा प्रताप की प्रतिमा व तलवार भेंट कर समाज की तरफ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि बीडीपीओ बिलासपुर कार्तिक चौहान व तहसीलदार आशीष कुमार रहे। मंत्री ने क्षत्रिय राजपूत धर्मशाला के मेन गेट व लंगर हाल के निर्माण के लिए 11 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण भी किया।
मंत्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की मुहिम एक पेड़ मां के नाम पर मुहिम में बढ़चढ़ कर भाग लें और अधिक से अधिक पौधे लगाएं। सभी पर्यावरण को हरभरा रखने व बचाने में अहम योगदान दें। संचालन भीलछप्पर गांव के पूर्व सरपंच राजकुमार राणा ने किया। इस मौके पर प्रधान फतेह सिंह राणा मखौर, कार्यकारी प्रधान राजकुमार राणा, उप प्रधान व सचिव राजकुमार राणा मलिकपुर बांगर, उप प्रधान भीम सिंह राणा, जयपाल राणा, डॉ. शिवराज राणा, मा. सुखपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।