छछरौली। भारतीय स्टेट बैंक की छछरौली शाखा के बाहर सोमवार को एक बुजुर्ग दंपती से युवक ने 50 हजार रुपये छीन लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
गांव गनौला निवासी जोगिंद्र और उनकी पत्नी तारावती अपने संयुक्त खाते से रुपये निकलवाने के लिए एसबीआई शाखा पहुंचे थे। बैंक में लाइन के दौरान लाल रंग की शर्ट पहने एक युवक उनके साथ मौजूद था। शाखा प्रबंधक जगदीश ने बताया कि कैशियर को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो दंपती से उसके बारे में पूछा। इस पर उन्होंने बताया कि युवक साथ आया है।
विज्ञापन
जोगिंद्र ने खाते से 50 हजार रुपये निकलवाए। बैंक से बाहर निकलते ही युवक ने उनके हाथ से नकदी छीन ली और मौके से भाग गया। बुजुर्ग दंपती ने शोर मचाया और पीछा भी किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधन ने छछरौली थाना पुलिस को शिकायत दी।
थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होते ही उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से बैंक में लेनदेन के दौरान अनजान लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है।