संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर (यमुनानगर)। बापा गांव में रविवार रात दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान एक-दूसरे पर ईंटे-पत्थर बरसाए गए। आरोप है कि एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के पांच-छह घरों में घुसकर डंडों, तलवारों व ईंट-पत्थर से हमला किया गया। इसमें एक पक्ष के छह से अधिक लोग घायल हो गए।
घायलों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान हवाई फायर भी किए गए। सूचना पर थाना रादौर प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए 20 पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। पुलिस ने गांव के सरपंच सहित 18-20 लोगों व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
बापा गांव के राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता द्वारा गांव में करवाए गए विकास कार्यों व सरपंच द्वारा ग्रहण की गई शिक्षा के प्रमाणपत्रों को लेकर आरटीआई लगाई गई थी। इसको लेकर सरपंच परमजीत सिंह पम्मा की ओर से उन्हें व परिवार के लोगों को धमकाया जा रहा था। उन्हें गांव छोड़ने व गोली मारने की धमकियां तक दी जा रही थीं।
इसके बावजूद उन्होंने आरटीआई वापस लेने से मना कर दिया। इसके चलते गांव के सरपंच परमजीत सिंह पम्मा, रविंद्र उर्फ छोटा, जितेंद्र उर्फ भूत, जगदीप उर्फ विशाल, रज्जा, धर्मा, नसीब उर्फ कालू, भोला, गौरव काला, अजय, संजू, मंगल, सुखबीर उर्फ पोला, रोशनलाल, हैरी, अनमोल, साहिल आदि के साथ मिलकर उनके घरों, दुकान पर रविवार रात तलवारों, डंडों व देसी कट्टों से हमला कर दिया।
इस दौरान उसके भाई की दुकान का शीशा तलवारें मारकर तोड़ दिया, वहीं उनके घर पर देसी कट्टे से फायर किए गए। उनके परिवार के पांच-छह घरों पर ईंटे बरसाई गईं। इसमें ऋतु, मीना, रामेश्वर दास, राजेश कुमार, दीपक, जगदीश को गहरी चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर थाना रादौर प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
गिरफ्तारी नहीं हुए तो करेंगे पलायन : राजेश
गांव के राजेश कुमार व उनके परिवार के सदस्यों ने उन पर हमला किए जाने को लेकर सोमवार को गांव में सरपंच पक्ष के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। कहा कि यदि आरोपी जल्द गिरफ्तार नहीं हुए तो वह गांव से पलायन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। क्योंकि आरोपियों द्वारा मौके पर फायरिंग भी की गई है। गोली का खोल भी मौके से मिला है। इसके बाद से परिवार के सदस्य भय के माहौल में है। इसलिए मामले में तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
गांव में दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें लगी हैं। मामले को लेकर एक पक्ष के खिलाफ अभी मामला दर्ज किया है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। - इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह, प्रभारी, थाना रादौर।