संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व का समापन बुधवार को भाई दूज के साथ होगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. रामराज कौशिक के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर दो बजे शुरू हुई थी, जो 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार भाई दूज बुधवार को भी मनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि भाई दूज पर तिलक करने के लिए अपराह्न का समय विशेष शुभ माना जाता है। बुधवार को दोपहर 12 बजे से 1 बजकर 27 मिनट तक राहुकाल रहेगा। ऐसे में बहनें सुबह से दोपहर 12 बजे तक या फिर दोपहर 1 बजकर 27 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक भाइयों को तिलक कर सकती हैं। द्वितीया तिथि दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी।
भाटली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पंडित जितेंद्र शास्त्री ने बताया कि इस बार भाई दूज पर बुधवार शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि और अनुराधा नक्षत्र का संयोग बन रहा है। अनुराधा नक्षत्र सुबह 11 बजकर 38 मिनट तक रहेगा, इसके बाद ज्येष्ठा नक्षत्र शुरू होगा। दिन में अतिगंड योग रहेगा और इसके बाद सुकर्मा योग प्रारंभ होगा।
बुधवार को बुध ग्रह का दिन है, जो बुद्धि, विवेक और संवाद का कारक है। यह संयोग पारिवारिक रिश्तों में मधुरता और आपसी विश्वास का संदेश देता है। भाई दूज केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने का पर्व भी है। रोजगार और शिक्षा के कारण दूर रहने वाले भाई-बहनों को भी यह त्योहार एक-दूसरे के करीब आने का अवसर देता है।