संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन आज है। पर्व के लिए रविवार को बहनों ने भाइयों के अलावा भाभियों के लिए राखियां खरीदीं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली और बड़ों के लिए धार्मिक प्रतीक व चिह्न की राखियां खूब बिकीं। मिष्ठान भंडार व गिफ्ट की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।
रविवार की छुट्टी पर बाजारों में रौनक रही। कई जगह फुटपाथ व सड़कों पर अतिक्रमण व बेतरतीब खड़े वाहनों से वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम झेलना पड़ा। रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक से रेलवे स्टेशन परिसर, पुराना रादौर रोड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक और इसके आगे शहीद भगत सिंह चौक तक दोनों ओर दुकानों व मीराबाई बाजार, खेड़ा बाजार में भीड़ रही।
इसके अलावा मॉडल टाउन, मॉडल कॉलोनी व अन्य कॉलोनियों में भी राखियों से सजीं दुकानों व स्टॉल पर महिलाओं व युवतियों ने भाईयों की कलाई पर बांधने को राखियों की खरीदीं। राखियों के साथ भाइयों का मुंह मीठा कराने के लिए मिठाई की दुकानों व मिष्ठान भंडारों पर मिठाई भी ली। भाइयों ने भी बहनों लिए गिफ्ट की दुकानों पर पहुंचकर उपहार खरीदे। कई भाई बहनों के लिए ज्वेलरी दुकानों पर सोने-चांदी के आभूषण लेते नजर आए।
खरीदारी करने पहुंचीं दशमेश कॉलोनी निवासी भारती, बूड़िया निवासी रजनी, यमुना विहार निवासी निशा ने बताया कि भाइयों के साथ भाभियों के लिए भी राखियां ली हैं। साथ ही मिठाई भी खरीदी है। ऐसे ही बाजार पहुंचे नितिन, पंकज व राजकुमार ने बताया कि बहनों को देने के लिए चॉकलेट, कुरकुरे की विशेष पैकिंग में मिल रहे गिफ्ट बॉक्स खरीदे हैं।
दुकानदार राजेंद्र कुमार व अविनाश अरोड़ा ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को लेकर लगभग एक माह पहले ही दुकानों पर राखियों आ गई थीं। जिन्हें दुकानों के अलावा स्टॉल लगाया सजाया गया था। जहां एक माह से इतनी रानियां नहीं बिकी थी, जितनी पर्व से एक दिन पहले रविवार को बिक्री हुई। बहनों ने भाइयों के साथ भाभियों के लिए भी राखियां ली हैं। बच्चों की कार्टून कैरेक्टर व बड़ों की रुद्राक्ष, तुलसी, ओम व अन्य धार्मिक प्रतीक व चिन्हों वाली राखियां खूब पसंद की गईं।
महिलाओं में मेहंदी लगवाने का रुझान
बहनों में मेहंदी लगवाने का भी रुझान देखा गया। रेलवे रोड पर नगर निगम यमुनानगर कार्यालय से गीता भवन तक फुटपाथ पर दुकानों के आगे बैठे कारीगरों से महिलाओं व युवतियों ने सुबह से शाम तक हाथों में मेहंदी लगवाई। यहां पहुंची आजाद नगर की सीमा ने कहा कि पर्व पर बहने भाइयों की दीर्घायु की कामना करती हैं। इस अवसर पर मेहंदी भी लगवाती हैं।