यमुनानगर। एनआईए की ओर से गैंगस्टर काला राणा के गुर्गे सिमरनजीत सिंह उर्फ बावा और अभिषेक को हिरासत में लेने के बाद अपराध शाखा-दो की टीम ने काला राणा के भाई सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा को प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है। सूर्य प्रताप उर्फ नोनी राणा अंबाला जेल में बंद था। नोनी राणा पर आरोप है कि उसने सिमरनजीत सिंह उर्फ बावा और अभिषेक को गाड़ी लूटने के लिए कहा था। इसके अलावा आरोपी नोनी राणा के कहने पर ही सिमरनजीत सिंह और अभिषेक ने उनके घर में अवैध हथियार व मोबाइल जमा किए थे। अपराध शाखा-2 ने उसे अदालत में पेश कर चार दिन की रिमांड पर लिया है। इस दौरान आरोपी से कई खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा को 13 सितंबर को दर्ज लूट के केस में आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि जेल से ही नोनी राणा ने बदमाश सिमरनजीत सिंह उर्फ बावा और अभिषेक को गाड़ी लूटने के लिए कहा था। इस मामले में दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं। इसी केस में अंबाला जेल में बंद नोनी राणा को प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को गश्त कर रही अपराध शाखा-2 की टीम को लूट के इरादे से आरोपी बदमाशों ने रोका था और पिस्टल तान दी थी। टीम ने मौके पर दो बदमाश सुभाष नगर कॉलोनी निवासी सिमरनजीत सिंह उर्फ बावा और प्रोफेसर कालोनी निवासी शुभम को पकड़ लिया था। दोनों बदमाशों से देसी कट्टे और सात कारतूस बरामद हुए थे। उनके पास से एक बिना नंबर की बाइक भी बरामद हुई थी। दोनों बदमाशों से पूछताछ के बाद खुलासा हुआ कि ये बदमाश गैंगस्टर काला राणा व उसके भाई सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा के गुर्गे हैं। आरोप है कि इन बदमाशों को गाड़ी लूटने के लिए नोनी राणा ने कहा था। इसके साथ ही बदमाशों ने नोनी के कहने पर हथियार व मोबाइल एकत्र किए और उसके लक्ष्मी गार्डन स्थित घर में रखे थे। इन हथियारों को एनआईए की टीम ने 12 सितंबर को काला राणा के घर रेड कर बरामद किया था। इन हथियारों को काला राणा के घर रखने वाले सिमरनजीत सिंह और अभिषेक पंजेटा को पकड़ने के लिए मंगलवार को एनआईए की टीम यमुनानगर पहुंची थी और दोनों के घरों पर रेड कर उन्हें अपने साथ ले गई थी।