संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कस्बा के गुरुद्वारा दसवीं पातशाही बिलासपुर से तख्त श्री पटना साहिब में दर्शन के लिए गए 35 श्रद्धालुओं के जत्थे का गुरुद्वारा पहुंचने पर स्वागत किया गया। जत्थे में हरपाल बैंस, मनिंद्र सिंह, करनैल सिंह, इंदरपाल, सुखबीर सिंह, महताब सिंह, हरभजन सिंह, गुरुमुख सिंह, अमरजीत कौर, गुरमीत कौर, परमजीत, सुखविंद्र कौर, कमलेश, बीबी सेठी, राजवंत कौर, गुरविंद्र कौर, दविंद्र, गुरनाम कौर सहित अनेक सिख संगत शामिल रहीं।
प्रधान करनैल सिंह ने बताया कि पटना साहब में गुरु गोबिंद सिंह महाराज का जन्म स्थान है। जिन्होंने मुगल साम्राज्य के साथ जबर जुल्म के खिलाफ चौदह जंग लड़कर फतेह हासिल की। श्रद्धालुओं के जत्थे ने सबसे पहले तख्त श्री पटना साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी के जन्म स्थान पर शीश नवाया। इसके पश्चात गुरुद्वारा सुनार टोली, गुरुद्वारा गुरु का बाग, गुरुद्वारा कंगन घाट, गुरुद्वारा हांडी साहिब में पहुंच कर अरदास की।
हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य हरप्रीत सिंह जंगी ने बताया कि पिछले कई दिनों से संगत की ओर से सिखों के गुरुओं के दर्शन के लिए मांग की जा रही थी। जिसके तहत हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा गुरुओं की धरती पर शीश नवाने के लिए श्रद्धालुओं के जत्थे को रवाना किया गया था।