संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। गुरुद्वारा गुरु गोबिंद सिंह जी व्यासपुर में सिख मिशन हरियाणा के तत्वावधान तथा अकाल सहाई सेवा सोसाइटी और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से आयोजित गुरुमत प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। शिविर में प्रतिदिन बच्चों को सिख इतिहास, गुरबाणी और पंजाबी भाषा का प्रशिक्षण दिया गया।
शाम के समय नवजोत सिंह अरलीभन और मनवीत सिंह नाभा ने संगत को गुरबाणी की कथा सुनाई तथा गुरु हरगोबिंद साहिब जी के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक साखियों और सिख इतिहास की जानकारी दी। मास्टर हरपाल सिंह बैंस ने बताया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से धार्मिक पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई और संगत को निःशुल्क सिख साहित्य भी वितरित किया गया।
धर्म प्रचारक कमेटी के इंचार्ज सुखविंद्र सिंह ने आयोजन में सहयोग देने वाले अकाल सहाई सेवा सोसाइटी एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर दस्तार सजाने की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें पगड़ी कोच करनजोत और हरगुनवीर सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान ढाडी जत्था भाई रघुबीर सिंह खालसा एवं कविश्री जत्थे ने गुरु इतिहास का भावपूर्ण वर्णन कर संगत को निहाल किया। गुरु का अटूट लंगर सागर सिंह और अनिल धमीजा की ओर से लगाया गया। इस अवसर पर प्रधान करनैल सिंह, रजिंद्र सिंह, अमरीक सिंह, जसपाल सिंह, सरदारा सिंह, कमलजीत खैरा, गुरप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह उपस्थित रहे।