यमुनानगर। बराड़ा स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे बदनपुरी निवासी दुकानदार बलजीत की बाइक को पीछे से बुलेट चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बलजीत की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बुलेट चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
बदनपुरी निवासी प्रदीप कुमार ने रादौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बड़े भाई 32 वर्षीय बलजीत सिंह की बराड़ा में बब्लू कॉम एसेसरीज के नाम से दुकान है। रोज की तरह देर शाम करीब पौने आठ बजे उसका भाई बलजीत दुकान बंद कर घर लौट रहा था। जब उसका भाई गांव सिकंदरा के नौ गजा पीर बाबा के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आ रही बुलेट ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसका भाई बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके सिर, कान व शरीर पर गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद आरोपी बुलेट चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने उसके भाई के अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस ने आरोपी बुलेट चालक पर केस दर्ज कर लिया है।