यमुनानगर। प्रदेश के सात जल योद्धा इस बार दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में वीआईपी (अति विशिष्ट व्यक्ति) मेहमान होंगे। इनमें यमुनानगर, भिवानी, चरखी दादरी, पानीपत, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र और गुरुग्राम जिलों से चार महिला और तीन पुरुष जल योद्धा शामिल हैं।
इन सभी को अटल भूजल योजना के तहत भूजल स्थिरता के लिए किए गए प्रयासों की सराहना के प्रतीक के रूप में परेड का हिस्सा बनने का अवसर दिया गया है। केंद्र सरकार की ओर से भेजे गए निमंत्रण के अनुसार, ये सभी जल योद्धा वीआईपी गैलरी में बैठ कर गणतंत्र दिवस की परेड देखेंगे। ये पहला मौका है जब इन योद्धाओं को कर्त्तव्य पथ की परेड में शामिल होने का अवसर मिला है। जल योद्धा निमंत्रण मिलने के बाद काफी उत्साहित हैं। ये 25 और 26 जनवरी तक दिल्ली में रहेंगे। संवाद
उल्लेखनीय है हरियाणा के 22 जिलों में से 14 जिलों के 36 खंड की कुल 1669 ग्राम पंचायतें अटल भूजल योजना में शामिल हैं। जहां पर भूजल की स्थिरता के सुधार के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।