यमुनानगर। वन एवं वन्य प्राणी विहार के डारपुर ब्लॉक की मेहरानीवाला बीट में रात के अंधेरे में पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। 16 अगस्त की रात करीब एक से तीन बजे के बीच अज्ञात लोगों ने जंगल में एक सागवान और छह खैर के पेड़ काट दिए। सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो जंगल में पेड़ों के ठूंठ मिले। घटना के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
वन्य जीव विहार कलेसर रेंज के निरीक्षक राजबीर सिंह ने थाना छछरौली में दी शिकायत में बताया कि मेहरानीवाला बीट में पेड़ों की अवैध कटाई की गई है। निरीक्षण के दौरान मौके पर एक सागवान और छह खैर के पेड़ों के ठूंठ मिले। आरोप है कि पेड़ों को काटने के बाद आरोपी उन्हें मौके से ले गए। वन विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने ताहरपुर कलां निवासी इशरार, रमजान, वहीद, शविद और रमजान अली के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि वन विभाग की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में पेड़ों की कटाई के कारण और आरोपियों द्वारा काटी गई लकड़ी को कहां ले जाने के संबंध में भी जांच कर रही है। संवाद