संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। गांव ढलौर स्थित श्री गुरु रविदास कुटिया में शुक्रवार को विशाल संत समागम का आयोजन किया गया। क्षेत्रों से हजारों की संख्या में संगत ने पहुंचकर माथा टेका। इस दौरान सात जरूरतमंद कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया गया।
कुटिया के संचालक संत दास रवि की सरपरस्ती में आयोजित इस कार्यक्रम में बसपा नेता डॉ. निर्मल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समाजसेवी ईशु और कैथल से दर्शन सिंह पूनिया विशिष्ट अतिथि रहे। संत दास रवि ने समागम में पहुंची संगत और संतजनों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज में परोपकार की भावना सबसे बड़ा धर्म है।
इस कार्यक्रम के दौरान सात कन्याओं का विवाह कराकर उन्हें जरूरत का घरेलू सामान भी भेंट किया गया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज की वाणी से प्रेरित होकर अब तक 40 से अधिक जरूरतमंद कन्याओं की शादी करवाई जा चुकी है। यदि हर व्यक्ति दूसरों की मदद के लिए आगे आए, तो समाज में कोई भी व्यक्ति लाचार या असहाय नहीं रहेगा।
गुरु रविदास जी ने अपनी वाणी में मानव सेवा और परोपकार को सर्वोपरि बताया है। मुख्य अतिथि डॉ. निर्मल सिंह ने कहा कि ऐसे संतजन समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद दूसरों की मदद में जुटे रहते हैं। उन्होंने संत दास रवि के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य समाज के लिए उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान भजनों के माध्यम से गुरु रविदास जी की महिमा का गुणगान किया गया। अंत में भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर संत राम सिंह झरमड़ी सहित अन्य संतजन, सेवादार बलविंद्र दास, आशीष दास, गौरव कुमार, राहुल, आर्यन, गोलू उपस्थित रहे।