संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। नकल रहित परीक्षा करवाने को लेकर बोर्ड सहित जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सात उड़नदस्तों का गठन किया गया है। उड़नदस्तों ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी पार्थ गुप्ता ने भी तीन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
वहीं बैठक में डीसी ने नकल रहित परीक्षा करवाने को लेकर हिदायत दी। बैठक में जिले के चारों एसडीएम ने हिस्सा लिया। डीसी ने कहा कि परीक्षा को लेकर उपमंडल स्तर पर जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें जगाधरी व बिलासपुर 25-25 और रादौर में सात केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। किसी केंद्र पर नकल व पेपर आउट जैसी घटनाएं न हो इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा को लेकर सात उड़नदस्ता दल बनाए गए हैं। जिसमें डीसी के नेतृत्व में एक, सभी एसडीएम की एक-एक टीम, जिला शिक्षा अधिकारी की एक व हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की एक टीम शामिल है। परीक्षा के दौरान हर केंद्र पर 10 पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी केंद्रों की निगरानी छतों से की जाएगी।
परीक्षा को लेकर डीसी की फ्लाइंग ने शहर के तीन केंद्रों का निरीक्षण किया। सबसे पहले डीसी गोबिंदपुरी रोड स्थित डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुुंचे। यहां पर उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधीक्षक से बातचीत की। इसके बाद डीसी मॉडल कॉलोनी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने परीक्षा कक्षों की जांच की। इसके बाद डीसी मॉडल टाउन स्थित शहीद नवीन वैद्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यह स्कूल परीक्षा का जिला कलेक्शन सेंटर बनाया गया है। डीसी ने व्यवस्था देखी और अधीक्षक से जानकारी ली।
डीएसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। नकल रहित परीक्षा को लेकर डीएसपी छछरौली व थाना प्रतापनगर प्रभारी गुरमेल सिंह ने केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र तैनात पुलिस कर्मियों, अधीक्षकों व पर्यवेक्षकों से जानकारी व निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकल रहित परीक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर है। इस दौरान किसी केंद्र पर कोई उपद्रव न हो, इसके लिए केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ड्यूटी सहित परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध करवाई समस्त व्यवस्थाओं, सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।