दस लाख की जाली करेंसी के साथ गिरफ्तार दंपति को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया। पुलिस ने आरोपी संदीप को सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जबकि कोर्ट ने आरोपी चंचल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार को पुलिस ने दंपति को दस लाख के नकली नोटों के साथ साढौरा के पहाड़ीपुर इलाके से गिरफ्तार किया था। आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी युवक संदीप को रिमांड पर लिया है। वहीं प्रारंभिक पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस हर संभावित स्थानों पर छापामारी कर रही है।
दो टीमों का किया गठन
मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। टीमों का नेतृत्व डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज नरेश शर्मा कर रहे हैं। दोनों टीम में डिटेक्टिव स्टाफ के तीन-तीन कर्मचारियों को शामिल किया है। दोनों टीमों ने प्रारंभिक जांच में मिली जानकारी के अनुसार दबिश भी शुरू कर दी है।
ऐसे हुई नोटों की पहचान
डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज एसआई नरेश शर्मा ने बताया कि साढौरा के पहाड़ीपुर इलाके में बाइक सवार युवक-युवती को रोका गया। उनके पास एक बैग था। जिसमें हजार-हजार के नोटों के दस बंडल थे। सभी नोट सीरियल नंबर में थे। नोटों की जांच की गई तो वे नकली मिले। बरामद करेंसी के किसी भी नोट की तार में आरबीआई (रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) की स्टैंप नहीं थी। जिस आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।