संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। खेतों से ट्यूबवेल की मोटरों से तारे चोरी करने वाले गिरोह के सात शातिरों को सीआईए वन की टीम ने गिरफ्तार कियाा है। आरोपियों ने छछरौली व प्रतापनगर क्षेत्र में ट्यूबवेलों की मोटरों से तारे चोरी करना कबूल किया। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इंचार्ज केवल सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि कुछ युवक वारदात को अंजाम देने के लिए शेरपुर मोड छछरौली के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। इस सूचना पर उनकी टीम ने तुरंत मौके पर जाकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे सात युवकों को काबू किया। पूछताछ में उनकी पहचान चुहड़पुर निवासी वंश कुमार, सुमित उर्फ विक्की, सोहन लाल, अजय, राजू, राहुल व रजत कुमार के रूप में हुई।
इंचार्ज ने बताया कि पूछताछ पर आरोपियों ने 18 जनवरी को थाना छछरौली क्षेत्र व 27 जनवरी को प्रताप नगर थाना क्षेत्र में खेतों से बिजली की मोटरों से तारे चोरी करने की वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया। आरोपियों से बिजली की मोटरों की तांबे की तारे बरामद की गई। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।