संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सेवा पंथी डेरा संतपुरा गुरुद्वारा साहिब में सालाना संत समागम और महान कीर्तन दरबार संपन्न हो गया। इस दौरान समागम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस मौके पर महंत जगमोहन सिंह ने बताया कि सेवा पंथी डेरा संतपुरा का यह आयोजन सदियों से श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र रहा है।
उन्होंने बताया कि देश-विदेश से लाखों की संख्या में संगत यहां पहुंचकर प्रभु के चरणों में मत्था टेकती है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य आकर्षण मौन व्रत है, जो आत्मिक साधना और प्रभु से जुड़ाव का एक विशेष मार्ग माना जाता है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इसमें भाग लेते हैं और अपनी आत्मा को शांति का अनुभव करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा का यह समागम तभी सफल होता है, जब संगत पूरे मन और आत्मा से इसमें शामिल होकर इसे सफल बनाती है।
समागम में गुरमत प्रचारक ज्ञानी पिंदर पाल सिंह,भाई सुखविंदर सिंह दर्दी ,भाई हरपाल सिंह आदि ने गुरुओं की वाणी पर प्रकाश डाला व आए हुए भाई अनूप सिंह ऊना वाले भाई गगनदीप सिंह गंगानगर, भाई सरबजीत सिंह रंगीला दुर्ग वाले, भाई हरजिंदर सिंह श्रीनगर वाले भाई सुरेंद्र सिंह व नछत्तर सिंह दरबार साहिब अमृतसर वालों ने गुरबाणी से संगत को निहाल किया। कीर्तन दरबार का समापन विशेष अरदास के साथ हुआ।
सेवा पंथी डेरा संतपुरा गुरुद्वारा साहिब में संत समागम के दौरान उपस्थित संगत। संवाद