संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। अनाज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत संकल्प पत्र वितरित किए गए। इस दौरान मार्केट कमेटी अध्यक्ष विपिन सिंगला ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों का सामूहिक प्रयास है। भारत को आर्थिक रूप से सशक्त और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए स्थानीय उत्पादन, नवाचार, कौशल विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आत्मनिर्भरता के संदेश का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका समझते हुए राष्ट्र निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है।
वहीं, उपाध्यक्ष सूरजभान सैनी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान से कृषि, उद्योग, स्टार्टअप, एमएसएमई, शिक्षा, स्वास्थ्य व तकनीकी नवाचार सहित अनेक क्षेत्रों में नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। आज का संकल्प सिर्फ कागज का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि देश को नए दौर की प्रगति की ओर ले जाने वाली एक मजबूत विचारधारा है।
ब्लॉक समिति चेयरमैन प्रतिनिधि कमल भूरा ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ तभी मिल पाएगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग स्वयं को इस अभियान से जोड़कर आगे आए। इस मौके पर मंजीत सिंह, नीरज सैनी, सचिन सागवान, दीपक शर्मा, सुखबीर सिंह, भूषण लाल, कमल, महिंदर सिंह, जसमेर, रजत सिंह अनेक लोग उपस्थित रहे।