संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव गढ़ी गोसाई की संजीत रानी स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से न केवल महिलाओं को बचत और बैंकिंग से जोड़ रही हैं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए भी प्रेरित कर रही हैं। वर्ष 2021 में गठित मीरा स्वयं सहायता समूह महिलाओं के जीवन में बदलाव की नई कहानी लिख रहा है।
12 सदस्यीय मीरा समूह की प्रधान संजीत रानी हैं। गीता देवी सचिव और ममता खजांची की जिम्मेदारी निभा रही हैं। समूह में अंग्रेजो देवी, अमलेश, संगीता, राजकुमारी, जयदेवी, सुनीता देवी, कुसुम देवी, राधा रानी और कविता भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। संजीत रानी 12 स्वयं सहायता समूहों का संचालन करने के साथ-साथ विलेज फेसिलेटर की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं।
वह महिलाओं और युवतियों को नियमित बचत, बैंक ऋण, समूह बैठकों और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करती हैं। वह स्वयं कपड़ों की दुकान संचालित करती हैं, बुक कीपर के रूप में कार्यरत हैं तथा क्लस्टर लेवल फेडरेशन में बुक कीपर प्रशिक्षिका के रूप में भी सेवाएं दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि 10 स्वयं सहायता समूहों को मिलाकर एक ग्राम संगठन बनाया जाता है, जबकि किसी ब्लॉक के सभी ग्राम संगठनों को मिलाकर क्लस्टर लेवल फेडरेशन का गठन किया जाता है, जो समूहों के संचालन और प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समूह की महिलाओं ने ऋण लेकर अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत की है।
सचिव गीता देवी पशुपालन कर रही हैं। खजांची ममता ने समूह से ऋण लेकर अपने पति के लिए व्यावसायिक वाहन खरीदा। अमलेश ने भी पति के लिए कामर्शियल गाड़ी दिलवाई। संगीता देवी ने बेटे के बढ़ई कार्य के लिए मशीन खरीदी, जबकि राजकुमारी ने बेटे सागर के डेकोरेशन व्यवसाय के लिए सामान उपलब्ध कराया।
जयदेवी गांव में किराना दुकान संचालित कर रही हैं। सुनीता देवी और राधा रानी पशुपालन से आय अर्जित कर रही हैं। कविता देवी ने पति के प्लंबर कार्य के लिए उपकरण खरीदे, वहीं कुसुम देवी ने ऋण की मदद से पति के लिए ऑटो खरीदने में सहयोग किया।
समूह की उत्कृष्ट कार्यशैली को वर्ष 2023 में राज्य स्तर पर भी पहचान मिली। पानीपत में आयोजित समारोह में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मीरा स्वयं सहायता समूह को श्रेष्ठ स्वयं सहायता समूह पुरस्कार से सम्मानित किया था। अब समूह की महिलाएं भविष्य में भी बेहतर कार्य कर दोबारा राज्य स्तर पर सम्मान हासिल करने के लक्ष्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
गांव गढ़ी गोसाई में महिलाओं के साथ बैठक करती संजीत रानी। स्वयं
गांव गढ़ी गोसाई में महिलाओं के साथ बैठक करती संजीत रानी। स्वयं